झारखंड में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओइस्ट) का एक नक्सली कमांडर ढ़ेर, दूसरा गिरफ्तार, वहीं भद्रादि कोठगुडेम पुलिस ने भी जारी किए वर्ष 2022 के आंकड़े

The Narrative World    31-Dec-2022   
Total Views |
Representative Image 
 
झारखंड में सुरक्षाबलों का माओवादियों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है, इस क्रम में माओवाद के मोर्चे पर अंकुश लगाने के लिए जहां एक ओर सुरक्षाबल माओवादियों को आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर जंगलो में शरण लिए हुए नक्सलियों के विरुद्ध भी सुरक्षाबलों के अभियान निरंतर जारी है।
 
अब इसी क्रम में सूचना मिली है कि गुरुवार को नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने जहां कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओइस्ट) के एक सब जोनल कमांडर नक्सली को मार गिराया है तो वहीं उसके दूसरे साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
 
जानकारी है कि गुरुवार को झारखंड के लोहरदगा जिले के बगरू क्षेत्र अंतर्गत कोरबो के जंगलों में सुरक्षाबलों को कुख्यात माओवादी रविन्द्र गंझू समेत 15 से अधिक नक्सलियों के उपस्थित होने की सूचना मिली थी जिसके आधार पर केंद्रीय रिज़र्व बल (सीआरपीएफ) एवं जिला पुलिस की एक संयुक्त टीम को खोजी अभियान के लिए रवाना किया गया था।
 
टीम के जंगलो में चलाए जा रहे खोजी अभियान के दौरान ही उन पर दो माओवादियों ने हमला बोल दिया जिस पर सुरक्षाबलों ने भी जबरदस्त जवाबी कार्यवाई की, जानकारी के अनुसार इसी गोलीबारी में एक माओवादी बुरी तरह घायल हो गया जबकि दूसरे ने सुरक्षाबलों के सामने घिर जाने के उपरांत हथियार डाल दिये, घायल माओवादी की पहचान चंद्रभान पाहन के रूप में की गई है जिसे प्राथमिक उपचार के बाद लोहरदगा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जानकारी है कि अस्पताल में उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
 
वहीं दूसरे माओवादी की पहचान गोविंद बिरिजिया के रूप में की गई है, इन दोनों ही माओवादियों पर झारखंड सरकार द्वारा पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। जानकारी है कि मारे गए कम्युनिस्ट आतंकी चंद्रभान पाहन के विरुद्ध 24 प्रकरण लंबित हैं जबकि गोविंद के विरुद्ध विभिन्न थानों में दो दर्जन से भी अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं।
 
भद्रादि कोठगुडेम पुलिस ने जारी किए आंकड़े
 
वहीं माओवादियों से संबंधित एक अन्य विकास में तेलंगाना के अति माओवाद प्रभावित सीमावर्ती भद्रादि-कोठगुडेम जिला पुलिस ने वर्ष 2022 के माओवाद संबंधित घटनाओं के आंकड़े जारी किए हैं।
 
पुलिस द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में जिले में कुल 339 स्थानों पर छापेमारी अभियान एवं 112 कॉम्बिंग अभियान चलाए गए हैं जबकि इसी अवधि में जिला पुलिस माओवादियों के विरुद्ध चलाये गए कुल 4 अंतर्राज्यीय अभियानों में शामिल रही है।
 
वहीं वर्ष 2022 में नक्सल-रोधी अभियानों के अंतर्गत 13 हिंसक गतिविधियों में सम्मिलित कुल 46 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है, गिरफ्तार किए गए माओवादियों में से कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओइस्ट) के 2 एरिया कमेटी के सदस्य समेत 13 मिलिशिया सदस्य एवं 8 दलम सदस्य शामिल हैं, जबकि इसी कालावधि में माओवादियों से सहानभूति रखने वाले 16 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
 
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए माओवादियों के अतिरिक्त बीते वर्ष में जिले में प्रशासन द्वारा माओवादियों के आत्मसमर्पण के लिए चलाए जा रहे अभियानों के अंतर्गत कुल 24 माओवादियों ने हिंसा का मार्ग छोड़ मुख्यधारा को अपनाया है, आत्मसमर्पण करने वाले इन माओवादियों में से सीपीआई (एम) के दो एरिया कमेटी के सदस्य, 10 दलम सदस्य समेत 12 मिलिशिया सदस्य शामिल हैं।
 
बता दें कि तेलंगाना का भद्रादि कोठगुडेम जिला छत्तीसगढ़ से जुड़ा हुआ है जो वर्षो से माओवादियों की शरणस्थली रहा है हालांकि पिछले कुछ वर्षो से केंद्र के दिशा निर्देश में चलाए जा रहे नक्सल-रोधी अभियानों से जिले में सुरक्षाबलों को माओवाद को समेटने में सफलता मिलती दिखाई दे रही है।