15 लाख का इनामी कुख्यात माओवादी कृष्णा हांसदा गिरिडीह से गिरफ्तार, वहीं बूढ़ा पहाड़ से सटे टोंगरी में सुरक्षाबलों ने बरामद किए आईडी बम

The Narrative World    14-Jan-2023   
Total Views |

Representative Image 
 
झारखंड में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है, जानकारी है कि सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने 15 लाख के इनामी एवं दर्जनों गंभीर प्रकरणों में वांछित माओवादी कृष्णा हांसदा को गिरफ्तार कर लिया है।
 
कृष्णा हांसदा कुख्यात माओवादी एवं प्रतिबंधित माओवादी संगठन सीपीआई माओइस्ट के केंद्रीय कमेटी के सदस्य प्रशांत बोस की गिरफ्तारी के बाद से नक्सलियों के पारसनाथ ज़ोन की जिम्मेदारी संभाल रहा था।
 
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कृष्णा गिरिडीह जिले में डेरा डाले हुए है जिसके बाद सीआरपीएफ एवं जिला पुलिस बल की एक संयुक्त टीम को छापेमारी अभियान के लिए रवाना किया गया था।
 
इस क्रम में गिरिडीह जिले के डुमरी थाना अंतर्गत चलाए गए अभियान में सुरक्षाबलों ने उसे फतेहपुर से धर दबोचा है, जानकारी है कि सुरक्षाबलों ने कृष्णा की गिरफ्तारी के समय भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद भी बरामद किया है।
 
हालांकि झारखंड पुलिस की ओर से इस गिरफ्तारी की औपचारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है, बता दें कि कृष्णा हांसदा समूह लंबे समय से गिरिडीह एवं सीमावर्ती जिलों में माओवादी गतिविधियों को अंजाम देते आया है और उस पर गिरिडीह समेत झारखंड के अन्य जिलों में दर्जनों प्रकरण दर्ज हैं।
 
अब इस गिरफ्तारी को झारखंड राज्य में माओवादियों के संमुल उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे अभियानों के क्रम में एक और बड़ा और सफल अभियान माना जा रहा है, बता दें कि गिरिडीह के पीरटांड़ के निवासी कृष्णा पर राज्य सरकार की ओर से 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह भाकपा संगठन में जोनल कमांडर की जिम्मेदारी संभाल रहा था।
लातेहार से सात आईडी बमों की बरामदगी
वहीं राज्य में माओवादियों से संबंधित एक अन्य विकास में बूढ़ा पहाड़ से सटे टोंगरी जंगल में सुरक्षाबलों ने 7 आईडी बमों को बरामद किया है। जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों की एक टीम इस क्षेत्र में विशेष इनपुट मिलने पर खोजी अभियान पर निकली थी जहां सर्चिंग के दौरान ही उन्हें माओवादियों द्वारा लगाए गए आईडी बम दिखाई दिए, जानकारी है की टीम ने सभी बमों को घटनास्थल पर ही डिफ्यूज कर दिया है
 
ज्ञात हो कि झारखंड समेत देश भर के माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों का माओवादियों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है जिसमें आए दिन ही सुरक्षाबलों को सफलता हाथ लग रही है, इसी क्रम में अभी हाल ही में झारखंड पुलिस के समक्ष एक और कुख्यात माओवादी और 15 लाख के इनामी अमन गंझू ने भी आत्मसमर्पण कर दिया था, अमन गंझू पर भी राज्य सरकार की ओर से 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।