झारखंड से महिला माओवादी रेणुका कोड़ा गिरफ्तार, घोषित था 50 हजार का इनाम

रेणुका के विरुद्ध बिहार के माओवाद प्रभावित जमुई, लखीसराय एवं मुंगेर में डेढ़ दर्जन से अधिक नामजद प्रकरण पंजीकृत हैं

The Narrative World    15-Jan-2023   
Total Views |
Representative Image 
 
बिहार पुलिस ने प्रतिबंधित माओवादी संगठन कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओइस्ट) - सीपीआई (एम) की सक्रिय महिला माओवादी रेणुका कोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है, रेणुका कुख्यात माओवादी एवं सीपीआई एम की बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी के सदस्य प्रवेश दा की बेहद करीबी मानी जाती है।
 
जानकारी के अनुसार कोड़ा को उसके एक अन्य सहयोगी नक्सली कमांडर सिदो कोड़ा के साथ झारखंड के देवघर जिले से गिरफ्तार किया गया है, सूचना के अनुसार यह दोनों माओवादी देवघर के जे सी डी थाना अंतर्गत चापरिया गांव में छुपे थे जिन्हें देवघर पुलिस की सहायता से धर दबोचा गया है, हालांकि बिहार पुलिस की टीम ने अभी इस गिरफ्तारी की औपचारिक रूप से पुष्टि नहीं की है।
 
दरअसल मुंगेर के लवारियाटांड़ अंतर्गत सारंधा गांव निवासी रेणुका के देवघर में छुपे होने की गुप्त सूचना जमुई पुलिस के हाथ लगी थी जिसके बाद बिहार एसटीएफ एवं जिला पुलिस की विशेष टीम को संबंधित ठिकाने पर रवाना किया गया था जहां देवघर पुलिस के साथ छापेमारी कर रेणुका एवं उसके सहयोगी को धर दबोचा गया है।
 
रेणुका के विरुद्ध बिहार के माओवाद प्रभावित जमुई, लखीसराय एवं मुंगेर में डेढ़ दर्जन से अधिक नामजद प्रकरण पंजीकृत हैं, वह झाझा में रेलवे पुलिस बल पर हमला कर हथियार लूटने एवं कजरा कांड में भी शामिल रही है जिसको लेकर पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी, बता दें कि उसपर राज्य सरकार की ओर से 50000 रुपए का इनाम घोषित था।
 
ज्ञात हो कि झारखंड एवं बिहार में सुरक्षाबलों द्वारा निरंतर नक्सल रोधी अभियान चलाया जा रहा है जिस दौरान बड़ी संख्या में कम्युनिस्ट आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है, इस क्रम में अभी पिछले वर्ष केवल बिहार में ही कुल 57 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया था जिसमें कुख्यात माओवादी एवं सीपीआई माओइस्ट के केंद्रीय समिति का सदस्य जितेंद्र मेहता भी शामिल है।
 
अभी इसी क्रम में शुक्रवार को झारखंड पुलिस ने कुख्यात माओवादी एवं पारसनाथ जोन के जोनल कमांडर कृष्णा हांसदा को भी गिरफ्तार किया गया था, कृष्णा पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
 
छत्तीसगढ़ से माओवादियों के 6 हथियार आपूर्तिकर्ता हुए गिरफ्तार
 
वहीं माओवादियों से संबंधित एक अन्य विकास में छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने अलग अलग अभियानों में माओवादियों के हथियार आपूर्तिकर्ताओं के दो समूहों को धर दबोचा है। यह दोनों समूह छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित बीजापुर में माओवादियों को हथियार एवं विस्फोटकों की आपूर्ति के लिए पहुंचे थे।
 
पहली घटना में भैरमगढ़ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुए बस्तर निवासी संतोष, प्रिंस एवं संतोष को धर दबोचा है यह सभी माओवादियों को गोलियों की खेप पहुंचाते रहे हैं जबकि इसी से संबंधित एक अन्य घटना में विशेष कार्य बल ने बासागुड़ा के पोलमपल्ली से आंध्रा निवासी मोमिन शेख, शेख फरीद एवं मद्दी को गिरफ्तार किया है।
 
सुरक्षाबलों ने इन तीनों के पास से इलेक्ट्रिक वायर, सेफ्टी फ्यूज, डेटोनेटर समेत अन्य विस्फोटक बनाने की सामग्री बरामद की है, जानकारी है कि यह सभी बीजापुर में माओवादी हुंगा उर्फ मड़कमी के संपर्क में थे और उसे इसकी आपूर्ति करने जा रहे थे।