48 जवानों की हत्या में शामिल माओवादी नवीन यादव ने किया आत्मसमर्पण, वहीं सब जोनल कमांडर तिलकेश्वर गोप भी गिरफ्तार

बता दें कि नवीन पर कुल 48 जवानों की हत्या का आरोप है जिसको लेकर उस पर बिहार एवं झारखंड के विभिन्न जिलों में पांच दर्जन से भी अधिक प्रकरण दर्ज हैं

The Narrative World    26-Jan-2023   
Total Views |
Representative Image 
 
सुरक्षाबलों को झारखंड में माओवादियों के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है, जानकारी के अनुसार झारखंड के माओवाद (नक्सलवाद) प्रभावित बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में वर्षो तक आतंक का पर्याय रहे कुख्यात माओवादी नवीन यादव उर्फ सरबजीत यादव ने सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।
 
नवीन प्रतिबंधित माओवादी संगठन कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओइस्ट) - सीपीआई एम के रीजनल कमेटी का सक्रिय सदस्य रहा है जो कोयल शंख जोन में सक्रिय कुख्यात नक्सली अरविंद का बेहद करीबी माना जाता है। जानकारी के अनुसार नवीन ने पिछले कुछ वर्षो से बूढ़ा पहाड़ में अपना बेस बनाया हुआ था जहां सुरक्षाबलों द्वारा 'ऑक्टोपस अभियान' चलाए जाने के उपरांत उसे अपना बेस 'चतरा' शिफ्ट करने के लिए बाध्य होना पड़ा था, चतरा आने के उपरांत से ही नवीन आत्मसमर्पण के प्रयासों में लगा था।
 
48 जवानों की हत्या का आरोपी, 60 से अधिक प्रकरणों में संलिप्तता
 
बता दें कि नवीन पर कुल 48 जवानों की हत्या का आरोप है जिसको लेकर उस पर बिहार एवं झारखंड के विभिन्न जिलों में पांच दर्जन से भी अधिक प्रकरण दर्ज हैं, सूचना के अनुसार नवीन पर बिहार के औरंगाबाद, गया समेत जहानाबाद एवं झारखंड के चतरा, पलामू, गढ़वा एवं लातेहार में विभिन्न थानों में दर्जनों प्रकरण लंबित है।
 
नवीन पर वर्ष 2011 में चतरा में 8 जवानों, वर्ष 2012 में गढ़वा के भंडरिया में 13 जवानों, वर्ष 2013 में लातेहार में 17 जवानों एवं वर्ष 2016 में औरंगाबाद में 10 जवानों की हत्या करने का आरोप है जिसको लेकर राज्य सरकार की ओर से उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
 
ज्ञात हो कि नवीन की गिरफ्तारी के लिए वर्षो से प्रयास जारी थे इस क्रम में वर्ष 2019 में चतरा के प्रतापपुर स्थित उसके पैतृक गांव में लगभग 31 एकड़ भूमि समेत करोड़ो की संपत्ति जब्त की गई थी, जानकारी के अनुसार नवीन के आत्मसमर्पण के उपरांत अब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उससे किसी गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रहे हैं और जल्द ही झारखंड पुलिस उसके आत्मसमर्पण की औपचारिक पुष्टि कर सकते हैं।
 
पीएलएफआई का सब जोनल कमांडर गोप भी गिरफ्तार
 
वहीं झारखंड में ही सुरक्षाबलों ने सीपीआई-एम से अलग होकर बने माओवादी समूह पीएलएफआई के सब जोनल कमांडर तिलकेश्वर गोप को गिरफ्तार कर लिया है, गोप पर राज्य सरकार की ओर से 10 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
 
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल को तिलकेश्वर गोप के तातीसीलवाई क्षेत्र में होने की खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर चलाए गए अभियान में उसे धर दबोचा गया है, ज्ञात हो कि तिलकेश्वर गोप पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप का बेहद करीबी है जो क्षेत्र में व्यापारियों से लेवि की राशि वसूलने पहुंच था।
 
जानकारी के अनुसार पुलिस तिलकेश्वर गोप से पीएलएफआई के अन्य ठिकानों एवं दिनेश गोप के विषय में सूचनाएं एकत्रित कर रही है जिसके उपरांत पीएलएफआई के अन्य ठिकानों पर दबिश दी जा सकती है।
 
ज्ञात हो कि झारखंड में सुरक्षाबलों द्वारा माओवादियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों में लगातार सफलता मिल रही है और इस क्रम में अभी हाल ही में 15 लाख के इनामी अमन गंझू समेत कई नामी गिरामी माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं जबकि बीते कुछ महीनों में ही दर्जनों नक्सलियों को गिरफ्तार भी किया गया है।