कुख्यात माओवादी दुर्योधन ने झारखंड में किया सरेंडर वहीं छत्तीसगढ़ में माओवादियों ने भाजपा नेता को मारी गोली

महतो पारसनाथ एवं झुमरी में माओवादियों का शीर्ष कमांडर था जिसके विरुद्ध कुल 104 मुकदमे पंजीकृत है

The Narrative World    10-Feb-2023   
Total Views |

Representative Image
 
 
झारखंड में माओवादियों के शीर्ष कमांडरों का आत्मसमर्पण जारी है इस क्रम में दशकों से क्षेत्र में आतंक का पर्याय रहे मिथिलेश महतो उर्फ दुर्योधन ने शुक्रवार को झारखंड के पुलिस महानिरीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया, महतो पर राज्य सरकार की ओर से 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
 
जानकारी के अनुसार महतो वर्ष 1992 से ही प्रतिबंधित माओवादी संगठन कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओइस्ट) का सक्रिय सदस्य रहा है जिसके विरुद्ध बिहार एवं झारखंड के विभिन्न जिलों में 100 से भी अधिक अपराध पंजीकृत हैं।
 
इस संदर्भ में जानकारी साझा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक अमोल वी होमकर ने बताया कि "प्रतिबंधित माओवादी संगठन सीपीआई माओइस्ट के रीजनल कमांडर दुर्योधन महतो ने आत्मसमर्पण किया है, महतो पारसनाथ एवं झुमरी में माओवादियों का शीर्ष कमांडर था जिसके विरुद्ध कुल 104 मुकदमे पंजीकृत है।"
 
होमकर ने आगे बताया कि पिछले तीन वर्षो में राज्य में 1300 से अधिक सक्रिय माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि इसी दौरान लगभग 50 माओवादियों ने हिंसा का मार्ग छोड़कर मुख्यधारा की राह चुनी है, होमकर ने कहा कि इस अवधि में हुए मुठभेडों में पुलिस ने कुल 31 माओवादियों को भी मार गिराया गया है।
 
अपनी बात खत्म करते हुए पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि " राज्य में माओवादियों का आधार सिकुड़ गया है और अब वे केवल कुछ ही क्षेत्रों में सीमित हो चुके हैं, वहीं सरेंडर के दौरान दुर्योधन ने कहा कि बीते वर्षो में माओवादी विचारधारा अपने सिद्धांतों से भटक गई है।
 
बता दें कि झारखंड में नक्सलियों के शीर्ष कमांडर लगातार आत्मसमर्पण कर रहे हैं इस क्रम में अभी बीते कुछ दिनों में ही कुख्यात माओवादी नवीन यादव, अमन गंझू, समेत 15 लाख के इनामी अभ्यास भुइयां ने भी पुलिस के समक्ष हथियार डाल दिये थे।
 
नारायणपुर में भाजपा नेता को नक्सलियों ने मारी गोली
 
वहीं माओवादियों से संबंधित एक अन्य विकास में नारायणपुर के छोटेडोंगर क्षेत्र में प्रतिबंधित सीपीआई (एम) के सशस्त्र कैडरों ने जिले के भाजपा नेता को गोली मार दी है, जानकारी है कि शुक्रवार शाम को माओवादी भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सागर साहू के घर में आ घुसे और उन्हें गोली मार कर बुरी तरह घायल कर दिया।
 
जानकारी मिलने तक सागर साहू को गंभीर हालत में नारायणपुर रेफेर किया गया है जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है, बता दें कि अभी बीते रविवार को ही नक्सलियों ने बीजापुर जिले के भाजपा मंडल अध्यक्ष की भी हत्या कर दी थी, माओवादियों ने उन पर उनके पैतृक गांव में कुल्हाड़ियों से हमला बोल दिया था जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई थी।