झारखंड में माओवादियों का उत्पात, 48 घंटे के भीतर 6 वाहनों में की आगजनी

ज्ञात हो कि इससे पूर्व रविवार रात को भी प्रतिबंधित माओवादी संगठन कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओइस्ट) के दो दर्जन सशस्त्र कैडरों ने झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में जमकर उत्पात मचाते हुए 5 वाहनों को आग के हवाले कर दिया था

The Narrative World    14-Feb-2023   
Total Views |


representative images
 
माओवादियों (नक्सलीयों/कम्युनिस्ट आतंकीयों) ने सोमवार रात को झारखंड के पलामू जिले अंतर्गत भीमा चूल्हा टनल निर्माण स्थल पर जमकर उत्पात मचाया है। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात को लगभग दो दर्जन नक्सलियों ने भीमा चूल्हा टनल पर गाड़ियों में तोड़ फोड़ करते हुए एक बोलेरो वाहन में आग लगा दी जबकि घटनास्थल पर मौजूद कर्मियों के साथ गाली गलौज करते हुए उन्हें काम बंद करने के लिए भी धमकाया।
 
दरअसल मोहम्मद गंज एवं सतबिहिनी रेल्वे स्टेशन के बीच पड़ने वाले भीमा टनल पर एक निजी समूह का कार्य चल रहा है जिससे प्रतिबंधित माओवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति समिति (टीएसपीसी) ने पूर्व में लेवी की मांग की थी, जानकारी है कि लेवि की राशि ना मिलने से बौखलाए माओवादियों ने निर्माण स्थल पर जमकर उत्पात मचाया है।
 
सूचना के अनुसार माओवादियों ने घटनास्थल पर बिना किसी संगठन के नाम का पर्चा भी छोड़ा है जिसमें बिना आपसी तालमेल बिठाए दुबारा कार्य ना शुरू करने की सख्त चेतावनी दी है, पर्चे में दुबारा कार्य शुरू करने पर समूह को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।
 
ज्ञात हो कि इससे पूर्व रविवार रात को भी प्रतिबंधित माओवादी संगठन कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओइस्ट) के दो दर्जन सशस्त्र कैडरों ने झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में जमकर उत्पात मचाते हुए 5 वाहनों को आग के हवाले कर दिया था।
 
आगजनी की यह घटना टोंटों थाना क्षेत्र की बताई जा रही है जहां माओवाद प्रभावित सुईअम्बा के दुर्गम क्षेत्र में हो रहे सड़क निर्माण में लगे ट्रेक्टर समेत पांच गाड़ियों में माओवादियों ने आगजनी कर दी, सूचना के अनुसार घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है, वहीं दुर्गम क्षेत्र होने के कारण पुलिस सोमवार को ही घटनास्थल पर पहुंच सकी।
 
इस घटना की पुष्टि करते हुए जिला पुलिस अध्यक्ष आशुतोष शेखर ने बताया कि "हमें नक्सलियों द्वारा सुईअम्बा क्षेत्र में वाहनों में आगजनी की जानकारी मिली है, घटना की जांच की जा रही है।" ज्ञात हो कि सुरक्षाबलों द्वारा राज्य के माओवाद प्रभावित क्षेत्र में निरंतर चलाए जा रहे अभियानों के कारण बीते एक माह से कई शिर्ष माओवादी कमांडरों ने इस दुर्गम क्षेत्र को अपना बेस बनाया हुआ है जिसको लेकर सुरक्षाबल भी इस क्षेत्र में लगातार खोजी अभियान चला रहे हैं, इस क्रम में बीते महीने में माओवादियों द्वारा क्षेत्र में लगाए गए आईडी बमों की चपेट में आने से कई जवान घायल भी हुए हैं।
 
 
कुख्यात माओवादी के घर पुलिस ने चिपकाया पर्चा
 
 
वहीं माओवादियों से संबंधित एक अन्य विकास में चाईबासा क्षेत्र में ही पुलिस ने 15 लाख रुपये के इनामी माओवादी समर दा उर्फ अनमोल दा उर्फ लालचंद हेम्ब्रम के घर पर पर्चा चस्पा किया है, पर्चे में हेम्ब्रेम द्वारा आत्मसमर्पण ना करने की स्थिति में उसकी संपत्ति जब्त किए जाने की बात कही गई है।
 
यह पर्चा झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा क्षेत्र अंतर्गत बंशी गांव में लगाया गया है जिसमें समीर को तत्काल प्रभाव से पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया है। बता दें कि यह तीसरी बार है जब झारखंड पुलिस ने समीर के घर पर पर्चा चस्पा किया है।
 
ज्ञात हो कि नारायणपुर-पेंक थाना क्षेत्र के निवासी कुख्यात माओवादी समर दा को पुलिस लंबे समय से ढूंढ रही है, समर प्रतिबंधित माओवादी संगठन सीपीआई (माओइस्ट) के बिहार झारखंड ओड़िशा रीजनल कमेटी का सदस्य माना जाता है।
 
 
सुकमा में भी इनामी सहित 3 माओवादी गिरफ्तार
 
 
वहीं झारखंड से इतर छत्तीसगढ़ में माओवादियों के विरुद्ध चलाए गए अभियान में सुरक्षाबलों ने एक लाख के इनामी समेत तीन माओवादियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। जानकारी है कि सुकमा जिले अंतर्गत चिंतागुफा थाना क्षेत्र में डीआरजी, सीआरपीएफ एवं ग्रेहाउंड के जवानों की एक संयुक्त टीम रविवार को खोजी अभियान पर निकली थी तभी गुंडराज टेकरी के समीप उन्हें कुछ संदिग्ध व्यक्ति टीम से छुपते दिखाई दिए।
 
संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ करने पर उनमें से एक कि पहचान एक लाख रुपये के इनामी माओवादी मड़कम कोसा के रूप में की गई जबकि उसके दो अन्य साथियों की पहचान क्रमशः मड़कम जोगा एवं मड़कम देवा के रूप में की गई है। कोसा वर्ष 2022 में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुँचाने की नीयत से आईडी लगाने में संलिप्त रहा है, संयुक्त टीम ने नक्सलियों की निशानदेही पर समीप के जंगलो से आईडी लगाने के लिए उपयोग किये जाने वाले कोडेक्स वायर समेत अन्य सामग्री भी बरामद की है।