भाजपा नेताओं की हत्या के बीच माओवादियों ने फिर सुनाया मौत का फरमान अब सरपंच को दी हत्या की धमकी, भाजपा करेगी चक्काजाम

जानकारी के अनुसार उक्त बैनर में माओवादियों ने छोटेडोंगरपुर क्षेत्र के सरपंच हरिराम मांझी समेत क्षेत्र के ही एक व्यक्ति कोमल मांझी को जान से मारने की धमकी दी है

The Narrative World    15-Feb-2023   
Total Views |
 
representative images
 
 
छत्तीसगढ़ में माओवादियों (नक्सलियों/कम्युनिस्ट आतंकियों) द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं की क्रमवार की गई हत्या के बीच माओवादियों ने बैनर पोस्टर टांगकर एक बार फिर सनसनी मचा दी है, यह बैनर छत्तीसगढ़ के धुर माओवाद प्रभावित जिले नारायणपुर में टांगा गया है जिसके बाद क्षेत्र में दहशत का वातावरण वयाप्त है।
 
जानकारी के अनुसार उक्त बैनर में माओवादियों ने छोटेडोंगरपुर क्षेत्र के सरपंच हरिराम मांझी समेत क्षेत्र के ही एक व्यक्ति कोमल मांझी को जान से मारने की धमकी दी है, जिले के ओरछा क्षेत्र में टांगे गए इस बैनर में माओवादियों ने इन दोनों ही व्यक्तियों को निको जायसवाल नामक निजी समूह से दूर रहने की चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो दोनों का ही हाल सागर साहू के जैसा किया जाएगा।
 
ज्ञात हो कि अभी बीते सप्ताह ही दो सशस्त्र माओवादियों ने जिले के भाजपा उपाध्यक्ष सागर साहू के घर में घुसकर उनकी हत्या कर दी थी, बैनर में माओवादियों ने लिखा है कि क्षेत्र में निको समूह के लिए कार्य करने पर किसी भी व्यक्ति को अपनी जान से हाथ धोना पड़ेगा।
 
वहीं घटना की पुष्टि करते हुए नारायणपुर जिले के पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा ने कहा है कि " पुलिस को नारायणपुर - ओरछा मार्ग पर माओवादियों द्वारा लगाया गया बैनर बरामद हुआ है, बैनर में माओवादियों ने सरपंच समेत एक और व्यक्ति को धमकी दी गई है, हमने बैनर बरामद कर आगे की जांच प्रारंभ कर दी है।
 
भाजपा का विरोध प्रदर्शन
 
वहीं क्षेत्र में अपने पदाधिकारियों की सिलसिलेवार हुई हत्या के विरोध में राज्य में विपक्षी भाजपा ने शुक्रवार 17 फरवरी को प्रदेश के 78 जिलों में चक्काजाम करने की घोषणा की है, जबकि इसके एक दिन पूर्व यानी कि 16 फरवरी गुरुवार को भाजपा ने जगदलपुर में आईजी कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन की भी घोषणा की है।
 
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए भाजपा के प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने कहा कि 16 फरवरी को आईजी कार्यलय तक रैली निकाली जाएगी जबकि अगले दिन बस्तर संभाग को छोड़कर प्रदेश के सभी विधानसभाओं में भाजपा नेताओं की हत्या के विरोध में कुल 400 सड़को पर परिचालन रोका जाएगा।
 
ज्ञात हो कि बीते एक महीने में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जनपदों में माओवादियों ने 4 भाजपा नेताओं की हत्या कर दी है जिसको लॉकर स्थानीय भाजपा नेता प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर चुनाव को देखते हुए भाजपा के विरुद्ध राजनीतिक षड़यंत्र रचने का आरोप लगा रहे हैं।
 
आईडी ब्लास्ट में घायल हुआ जवान
 
वहीं नारायणपुर जिले में ही माओवादियों से संबंधित एक अन्य विकास में नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए आईडी की चपेट में आने से आईटीबीपी से एक जवान के घायल होने की खबर है, जानकारी है कि जिले के घनोरा थाना अंतर्गत आईटीबीपी एवं जिला पुलिस बल की एक संयुक्त टीम कॉम्बिंग अभियान पर निकली थी जहां हिकपोला के जंगलो के पास आईडी में विस्फोट हो गया है।
 
जानकारी है कि जवान को विस्फ़ोट के दौरान मामूली चोटें आई हैं जिसे उपचार के लिए पास ही प्राथमिक उपचार केंद्र पहुंचाया गया वहीं विस्फोट के बाद क्षेत्र की तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने एक और आईडी भी बरामद किया जिसे सुरक्षाबलों ने सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया है।