छत्तीसगढ़ में निहत्थे जवानों पर माओवादियों का हमला, दो जवान बलिदान

जानकारी है कि दोनों ही जवान बोरतालव कैम्प से बिना हथियारों के ही महाराष्ट्र सीमा की ओर निकले थे जहां माओवादियों ने उन पर हमला बोल दिया

The Narrative World    20-Feb-2023   
Total Views |

representative images
 
 
छत्तीसगढ़ के माओवाद (नक्सलवाद/कम्युनिस्ट आतंक) प्रभावित राजनांदगांव में सोमवार को माओवादियों ने क्षेत्र में सूचनाएं एकत्रित करने निकले सुरक्षाबलों के दो जवानों पर हमला बोल दिया, जानकारी है कि माओवादियों के इस हमले में दोनों जवान बलिदान हो गए हैं।
 
जानकारी के अनुसार यह हमला छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती राजनांदगांव से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के बोरतालव पुलिस स्टेशन के अंतर्गत हुआ है जब क्षेत्र में भ्रमण पर निकले सुरक्षाबलों के दो जवानों पर तड़के सुबह 7 बजे माओवादियों ने हमला बोल दिया।
 
बलिदान हुए दोनों जवानों की पहचान छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान राजेश सिंह राजपूत एवं छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स के अनिल कुमार सम्राट के रूप में की गई है, जानकारी है कि दोनों ही जवान बोरतालव कैम्प से बिना हथियारों के ही महाराष्ट्र सीमा की ओर निकले थे जहां प्रतिबंधित माओवादी संगठन कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओइस्ट) के लगभग 15 सशस्त्र माओवादियों ने उन पर हमला बोल दिया।
 
जानकारी है कि माओवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में एक जवान की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को तुरंत प्राथमिक उपचार केंद्र ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
 
वहीं घटना की पुष्टि करते हुए राजनांदगांव जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीना ने बताया कि बोरतालव कैम्प से दो जवान मोटरसाइकिल से महाराष्ट्र सीमा की ओर जा रहे थे तभी माओवादियों ने उन पर हमला बोल दिया जिसमें दोनों जवानों की मौत हो गई है।
 
पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि " माओवादियों ने जवानों की मोटरसाइकिल को भी आग के हवाले कर दिया है, घटना के बाद क्षेत्र में सघन खोजी अभियान चलाया गया है।"
 
ज्ञात हो कि अभी हाल ही में महाराष्ट्र पुलिस की आंतरिक रिपोर्ट में राज्य में शहरी माओवादियों (अर्बन नक्सलियों) की गतिविधियां के बढ़ने की बात भी सामने आई थी।
 
शुक्रवार को झारखंड में उड़ाया था पंचायत भवन
 
बता दें कि इससे पूर्व बीते शुक्रवार को माओवादियों ने झारखंड में भी आईडी विस्फोट करके पंचायत भवन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था, जानकारी के अनुसार माओवादियों ने यह विस्फोट झारखंड के अति माओवाद प्रभावित कोल्हान क्षेत्र अंतर्गत किया था।
 
इस संदर्भ में मिली सूचना के अनुसार माओवादियों ने यह विस्फोट धुर माओवाद प्रभावित जिले पश्चिम सिंहभूम के कोल्हान क्षेत्र अंतर्गत कदमडीह स्थित पंचायत भवन में किया है, घटना की पुष्टि करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने कहा कि चाईबासा क्षेत्र में सुरक्षाबलों द्वारा माओवादियों के विरुद्ध बीते दिनों वृहद अभियान चलाया जा रहा है यही कारण है कि माओवादी बौखलाहट में ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
 
सूत्रों के अनुसार विस्फोट के बाद संभावित माओवादी ठिकानों पर दबिश बढ़ा दी गई है। बता दें कि बीते 11 जनवरी से क्षेत्र में लगातार खोजी अभियान चलाया जा रहा है।