तीनों जवानो को रांची एयरलिफ्ट किया गया है जहां मेडिको अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा है

The Narrative World    03-Feb-2023   
Total Views |

Representative Image
 
झारखंड के चाईबासा में गुरुवार सुबह हुए एक आईडी धमाके में सुरक्षाबलों के तीन जवान घायल हो गए हैं, ये तीनो जवान सुरक्षाबलों द्वारा कोल्हान क्षेत्र अंतर्गत चलाए जा रहे कॉम्बिंग अभियान का हिस्सा थे जो माओवादियों द्वारा प्लांट की गई आईडी की चपेट में आ गए।
 
तीनों जवानो को रांची एयरलिफ्ट किया गया है जहां मेडिको अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा है, घायल जवानो की पहचान राकेश पाठक, पंकज यादव एवं बीडी अनिल के रूप में की गई है, यह सभी जवान सीआरपीएफ की बटालियन संख्या 60 के बताए गए हैं।
 
जानकारी के अनुसार पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में खोजी अभियान चलाया जा रहा था इसी दौरान टोंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सराजम्बुरु के जंगलो में आईडी विस्फोट हो गया जिसके बाद आनन फानन में जवानो को एयरलिफ्ट करना पड़ा, सूचना के अनुसार क्षेत्र में अतिरिक्त जवानों को भेज कर खोजी अभियान तेज कर दिया गया है।
 
ज्ञात हो कि यह इस महीने चाईबासा में हुआ तीसरा आईडी विस्फोट हैं, जिसमें सुरक्षाबलों के जवानों को नुकसान उठाना पड़ा है इस क्रम में बीते सप्ताह चाईबासा के ही मुसाफ्फिल थाना क्षेत्र अंतर्गत अंजनबेड़ा में हुए विस्फोट में एक जवान घायल हो गया था जबकि इस से पूर्व तुम्बाहा के जंगलो में हुए आईडी विस्फोट में 6 जवान बुरी तरह घायल हो गए थे।
 
ज्ञात हो कि नक्सल प्रभावित चाईबासा में सुरक्षाबलों द्वारा माओवादियों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जा रहा है, सूत्रों की मानें तो माओवादियों के गढ़ रहे बूढ़ा पहाड़ को नक्सल मुक्त किए जाने के बाद एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा समेत कई शिर्ष माओवादियों ने चाईबासा को अपना बेस बनाया हुआ है।
 
जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों से बचाव के लिए ही माओवादियों ने इस क्षेत्र में चप्पे चप्पे पर आईडी बमों को भी प्लांट किया हुआ है, हालांकि बावजूद इसके सुरक्षाबलों द्वारा कॉम्बिंग अभियान चलाकर नक्सलियों के दस्ते पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है और यह इन अभियानों के कारण ही हैं कि बीते एक महीने में अमन गंझू, नवीन यादव समेत, मिडिर बेसरा समूह के खास माने जाने वाले 8 माओवादियों ने आतंक की राह छोड़कर मुख्यधारा को अपना लिया है।
 
तेलंगाना से 7 माओवादी गिरफ्तार
 
वहीं माओवादियों से संबंधित एक अन्य विकास में तेलंगाना के माओवाद प्रभावित भद्रादि कोठगुडेम के चरला मंडल से सुरक्षाबलों ने 6 मिलिशिया सदस्यों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, यह सभी माओवादी प्रतिबंधित कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के फ्रंटल समूह रेवोल्यूशनरी पीपुल्स कमेटी (आरपीसी) से जुड़े बताए जा रहे हैं।
 
जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ एवं जिला पुलिस बल की एक संयुक्त टीम खोजी अभियान पर चरला मंडल के कोंडवाई जंगलो की ओर निकली थी जहां से इन माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है, पूछताछ के दौरान माओवादियों ने सुरक्षाबलों को उनके द्वारा प्लांट किए गए आईडी के विषय में भी बताया गया जिसके बाद उसे ढूंढकर सफलतापूर्वक डिफ्यूज कर दिया गया है।
 
गिरफ्तार किए गए माओवादियों की पहचान किकीड़ी जोगा, कलमु भीम, ऊँगा, कलमु जोगा, सत्यम, मड़ावी मंगा, मड़कम आईथा के रूप में की गई है, जानकारी है कि यह सभी पड़ोसी छत्तीसगढ़ राज्य के सुकमा जिले के डोकपाड़ के निवासी हैं।
 
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ के सीमा से लगा तेलंगाना का भद्रादि कोठगुडेम जिला धुर माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में से एक है जहां समय समय पर पड़ोसी छत्तीसगढ़ से माओवादियों के दस्ते शरण लेते रहे हैं।