चिलखारी नरसंहार का आरोपी कोल्हा यादव गिरिडीह से गिरफ्तार वहीं पड़ोसी लातेहार से भी हथियारों की बरामदगी

देर रात हुए इस नरसंहार में तब गोलियां बरसाने वालों में कोल्हा यादव भी शामिल था जिसे अब पकड़ा जा सका है

The Narrative World    04-Feb-2023   
Total Views |

Kolha Yadav 
 
26 अक्टूबर 2007 को बिहार के जमुई जिले के सीमा से लगे बहुचर्चित चिलखारी नरसंहार के आरोपी कुख्यात माओवादी कोल्हा यादव को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार कर लिया है, यह गिरफ्तारी बुधवार देर शाम को गिरिडीह के चरकापत्थर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित कोल्हा यादव के पैतृक गांव विशनपुर से की गई है
 
इस संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों को कोल्हा यादव के उसके पैतृक गांव में मौजूद होने की पुख्ता जानकारी मिली थी जिसके आधार पर कार्यवाई करते हुए बिहार एवं झारखंड पुलिस की एक संयुक्त टीम ने उसे घर दबोचा, जानकारी है कि कोल्हा को गिरफ्तार करके भेलवाघाटी थाने लाया गया जहां हुई पूछताछ के उपरांत उसे जेल भेज दिया गया है।
ज्ञात हो कि कोल्हा बहुचर्चित चिलखारी हत्याकांड में शामिल था जिसमें बिहार एवं झारखंड के सीमा पर स्थित चिलखारी फुटबॉल मैदान में प्रतिबंधित कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के सशस्त्र कैडरों द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे सहित 20 लोगों की निर्ममता से हत्या कर दी गई थी।
 
वर्ष 2007 के अक्टूबर महीने में हुए इस नरसंहार में फुटबॉल मैच के उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम देख रहे लोगों पर माओवादियों ने निर्ममता से गोलियां बरसा दी थी, देर रात हुए इस नरसंहार में तब गोलियां बरसाने वालों में कोल्हा यादव भी शामिल था जिसे अब पकड़ा जा सका है।
 
बिहार से वांछित माओवादी डब्लू भी गिरफ्तार
 
वहीं बिहार के औरंगाबाद में गुरुवार को चलाए गए एक विशेष अभियान में सुरक्षाबलों ने टंडवा थाना क्षेत्र से प्रतिबंधित माओवादी संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के एक वांछित माओवादी डब्लू विश्वकर्मा उर्फ शक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
 
जानकारी है कि डब्लू, वर्ष 2018 में झारखंड के पलामू स्थित हुसैनाबाद गांव में धमकी देकर लेवि मांगने समेत कई अन्य मामलों में वांछित है जिसे टंडवा एवं हुसैनाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है, गिरफ्तारी के उपरांत उक्त माओवादी को हुसैनाबाद पुलिस को सौंप दिया गया है।
 
झारखंड के लातेहार से हथियार एवं गोला बारूद बरामद
 
वहीं माओवादियों से संबंधित एक अन्य विकास में बुधवार को चलाए गए कॉम्बिंग ऑपेरशन के दौरान सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित माओवादी संगठन कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से संबंधित हथियार एवं गोला बारूदों की बरामदगी की है।
 
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए सीआरपीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि लातेहार के जंगलो में सीआरपीएफ की 209वीं वाहिनी (कोबरा बटालियन) एवं जिला पुलिस के जवानों द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया था जिसमे सुरक्षाबलों ने दो एसएलआर राइफल, 5.56 इंसास एलएमजी, 13 मिश्रित मैगजीन समेत 470 राउंड गोलियां बरामद की है।
 
 
बता दें कि झारखंड के धुर माओवाद प्रभावित लातेहार एवं चाईबासा में सुरक्षाबलों द्वारा लगातार खोजी अभियान चलाया जा रहा है, सूत्रों की मानें तो बूढ़ा पहाड़ी के नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के उपरांत राज्य के शीर्ष माओवादियों ने कोल्हान क्षेत्र को ही अपना बेस बनाया है जिसको लेकर बलों का अभियान निरंतर जारी है।