तेलंगाना में माओवादी कमांडर ने किया आत्मसमर्पण तो वहीं झारखंड में निजी समूह से माओवादियों ने की विस्फोटकों की लूट

The Narrative World    01-Apr-2023   
Total Views |
 
representative images
 
तेलंगाना में प्रतिबंधित माओवादी (नक्सली/कम्युनिस्ट आतंकी) संगठन कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओइस्ट) के एक 26 वर्षीय कमांडर ने शुक्रवार को सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है, जानकारी के अनुसार यह आत्मसमर्पण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अभियान) अशोक कुमार के समक्ष किया गया है।
 
सूचना के अनुसार तेलंगाना के माओवाद प्रभावित मुलुगु जिले में प्रतिबंधित माओवादी संगठन में एक्शन टीम (मारक दस्ता) कमांडर के रूप में तैनात मीड़ियम जोगियाह उर्फ जंगू उर्फ जोगालु वेंकटपुराम मंडल का निवासी है जो माओवादियों की तेलंगाना राज्य समिति का भी सदस्य बताया जा रहा है। जानकारी है कि मीड़ियम, स्थानीय मिलिशिया कमांडर नरसिंह राव से प्रभावित होकर लगभग 9 वर्ष पूर्व माओवादी संगठन का हिस्सा बना था।
 
जानकारी है कि लगभग 4 वर्ष तक संगठन में सक्रिय रहने के बाद वर्ष 2020 में उसे राज्य समिति का सदस्य बनाकर, एक्शन टीम में शामिल कर लिया गया जहां बाद में उसे कमांडर की जिम्मेदारी दी गई, जोगियाह के विरुद्ध चेरला, तडवी, एडुलु, वजीदु एवं बयाराम थाने अंतर्गत हत्या समेत विभिन्न माओवादी गतिविधियों में संलिप्त रहने को लेकर कई मुकदमे पंजीकृत हैं जिसको लेकर राज्य सरकार की ओर से उस पर 4 लाख रुपये का इनाम घोषित है।
 

representative imagesचित्र : साभार तेलंगाना टुडे 
 
माओवादी कमांडर के आत्मसमर्पण के विषय में बात करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जोगियाह संगठन के भीतर निचले स्तर के कैडरों के साथ हो रहे भेदभाव से आहत था जिसको लेकर उसने हिंसा का मार्ग छोड़ने एवं मुख्यधारा से जुड़ने का निर्णय लिया है, पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जोगियाह को सरकार की पुनर्वास नीति के तहत हरसंभव सहायता की जाएगी।
 
झारखंड में माओवादियों ने लुटे डेटोनेटर्स
 
वहीं माओवादियों से संबंधित एक अन्य विकास में झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में माओवादियों ने एक निजी समूह द्वारा आपूर्ति के लिए स्टोर किये गए डेटोनेटर्स को लूट लिया है, घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है जब माओवादियों ने कोल्हान क्षेत्र में जंगलो के समीप परम्बलजोड़ी गांव स्थित वेयरहाउस में लूटपाट की है।
 
इस संदर्भ में एक मीडिया पोर्टल की रिपोर्ट के अनुसार पश्चिम सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित डी के घोष नामक निजी समूह ने लौह अयस्क खदान की आपूर्ति के लिए डेटोनेटर्स एवं अन्य विस्फोटक स्टोर किये थे जिसकी जानकारी माओवादियों को भी थी और गुरुवार देर रात को जब पुलिस प्रशासन रामनवमी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त तभी माओवादियों ने इस लूट को अंजाम दिया है।
 
पश्चिम सिंहभूम जिले के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डी के घोष समूह में माओवादियों ने डेटोनेटर्स की लूटपाट की है, हालांकि लुटे गए विस्फोटकों की वास्तविक संख्या की जानकारी अब तक नहीं हो सकी है, घटना के बाद से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और माओवादियों की गतिविधियों पर पैनी दृष्टि रखी जा रही है।
 
जानकारी है कि समूह के गोदाम में लगभग 500 इलेक्ट्रिकल वायर एवं लगभग 6500 नॉन-इलेक्ट्रिकल रखे गए थे जहां लूटपाट के बाद से लुटे गए स्टॉक्स की वास्तविक संख्या का पता लगाया जा रहा है।