माओवादी बंदी के एक दिन पहले ही नक्सलियों को लगा झटका, 5 राज्यों में किया गया है बंद का आह्वान

माओवादियों की बंद की घोषणा और आगामी लोकसभा चुनाव से पहले इन गिरफ्तारियों को एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। किस्टाराम क्षेत्र के दो अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई कर पुलिस ने जिस तरह से 7 माओवादियों को पकड़ा है, उसने नक्सलियों के हौसलों को और धराशायी कर दिया है।

The Narrative World    15-Apr-2024   
Total Views |

Representative Image
छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन होते ही नक्सलियों के अंत की शुरुआत हो चुकी है। कांग्रेस की सरकार के दौर जहां माओवादी बड़ी
-बड़ी बैठकें कर रहे थे, वहीं अब प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही माओवादियों के विरुद्ध आक्रामक अभियान शुरू हो चुके हैं।


इन अभियानों के चलते वर्ष 2024 के शुरुआती 3 महीनों में ही सुरक्षा बल को बड़ी सफलता हासिल हुई है। इस दौरान सुरक्षा बल के जवानों ने 50 नक्सलियों को मार गिराया है, वहीं 100 से अधिक माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है।


माओवादियों के आतंक को खत्म करने के लिए चलाए जा रहे इन अभियानों से माओवादी संगठन में बौखलाहट देखी जा सकती है। बीते 2 अप्रैल को जिस तरह से सुरक्षाबल के जवानों ने बीजापुर में हुए मुठभेड़ में 13 नक्सलियों को मार गिराया था, उसके बाद तो अब नक्सलियों ने प्रेस नोट जारी कर सोमवार अर्थात 15 अप्रैल, 2024 को 5 राज्यों में बंद का आह्वान किया है।


“नक्सली आतंकियों ने छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में बंद बुलाया है। माओवादियों के इस आह्वान के बाद सुरक्षा बल के जवान माओवाद से प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट हो गए हैं। बस्तर पुलिस इस दौरान चप्पे-चप्पे पर निगरानी रख रही है।”


माओवादियों के द्वारा बंद के इस आह्वान के बाद ही माओवादियों ने बीजापुर के छुटवाही कैंप में बीजीएल से हमला किया, जिसके बाद जवानों की जवाबी कार्रवाई से माओवादी भाग निकले। लेकिन इन सब के बीच माओवादियों को अपने इस बंद की घोषणा के बाद ही बड़ा झटका भी लगा है।


दरअसल माओवादियों के द्वारा बुलाए गए बंद के ठीक एक शाम पहले सुकमा जिले में सुरक्षाकर्मियों ने 7 माओवादियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से एक माओवादी पर इनाम भी घोषित है।


माओवादियों की बंद की घोषणा और आगामी लोकसभा चुनाव से पहले इन गिरफ्तारियों को एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। किस्टाराम क्षेत्र के दो अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई कर पुलिस ने जिस तरह से 7 माओवादियों को पकड़ा है, उसने नक्सलियों के हौसलों को और धराशायी कर दिया है।


गिरफ्तार माओवादियों के पास से भरमार बंदूक, तीन किलोग्राम विस्फोटक, प्रेशर कुकर आईईडी भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार माओवादियों में से एक माओवादी 1 लाख रुपये का इनामी भी है।


जिस तरह से नक्सली बंदी के एक दिन पहले ही माओवादी गिरफ्तार हुए हैं, यह बस्तर में हो रहे बदलाव का एक बड़ा संकेत है, जिसके परिणाम जल्द ही नजर आने वाले हैं।