बीजापुर और कांकेर में जवानों की बड़ी कार्रवाई, 4 नक्सली ढेर

मुठभेड़ में जवानों का पलड़ा भारी, 4 नक्सली मारे गए, महिला नक्सली भी शामिल, घटनास्थल से हथियार बरामद, पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

The Narrative World    18-Sep-2025
Total Views |
Representative Image
 
छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को फिर बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर और कांकेर जिलों में अलग-अलग मुठभेड़ों में 4 नक्सलियों को जवानों ने मार गिराया। इनमें 2 महिला नक्सली भी शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने मौके से राइफल, बीजीएल लॉन्चर और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है। डीआईजी कमलोचन कश्यप ने कार्रवाई की पुष्टि की है और बताया कि मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है।
 
बीजापुर जिले के गंगालूर इलाके में बुधवार दोपहर नक्सलियों ने जवानों पर घात लगाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया। मौके से एक 303 राइफल, बीजीएल लॉन्चर और नक्सली सामग्री जब्त की गई। मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है।
 
वहीं कांकेर-महाराष्ट्र सीमा से लगे गढ़चिरौली जिले के गट्टा जाबिया इलाके में भी सुरक्षाबलों का नक्सलियों से सामना हुआ। सी-60 और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम पर नक्सलियों ने हमला किया, लेकिन जवाबी कार्रवाई में दो महिला नक्सली मारी गईं। पुलिस ने मौके से एके-47 और अन्य हथियार बरामद किए हैं। महिला नक्सलियों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
 
यह मुठभेड़ उस समय हुई है जब नक्सली संगठन का शीर्ष नेतृत्व सरकार से शांति वार्ता की बात कर रहा है। लेकिन जमीन पर नक्सली अब भी हिंसा छोड़ने को तैयार नहीं दिख रहे। हाल ही में गरियाबंद जिले में भी सुरक्षाबलों ने 10 इनामी नक्सलियों को ढेर किया था। इनमें डेढ़ करोड़ का इनामी और ओडिशा स्टेट कमेटी का सचिव मोडेम बालकृष्ण भी शामिल था।
 
लगातार मिल रही सफलताओं से साफ है कि सुरक्षाबलों की सख्त रणनीति से नक्सल संगठन की कमर टूट रही है। फिर भी नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़ने के बजाय जवानों को निशाना बना रहे हैं। अब सवाल यही है कि क्या उनका शांति वार्ता का प्रस्ताव महज एक धोखा है।
 
रिपोर्ट
शोमेन चंद्र