भारत का संविधान उस लोकतांत्रिक चेतना का दस्तावेज है जिसने सदियों की सामाजिक असमानता, भेदभाव और सत्ता के केंद्रीकरण को चुनौती देकर प्रत्येक भारतीय को समान नागरिक का दर्जा दिया। संविधान ने देश के नागरिकों को यह अधिकार दिया कि उनकी पहचान किसी परिवार, जाति, धर्म, आर्थिक स्थिति या राजनीतिक विरासत की जगह उनकी नागरिकता से निर्धारित होगी। लेकिन आज भारतीय राजनीति में एक बड़ा विरोधाभास दिखाई देता है। संविधान और लोकतंत्र की सबसे अधिक दुहाई देने का ढोंग रचने वाले कुछ राजनीतिक दलों की अपनी कार्यशैली ही लोकतांत्रिक मूल्यों के सामने सवाल खड़े करती है।
आज सवाल यह है कि क्या लोकतंत्र केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम है या फिर यह उन सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता भी है, जिन पर भारत गणराज्य की नींव रखी गई थी?
26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इस ऐतिहासिक अवसर से ठीक एक दिन पहले डॉ. भीमराव आंबेडकर जी ने संविधान सभा में जो चेतावनी दी थी, वह आज की राजनीति के लिए भी उतनी ही प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा था:
“राजनीतिक लोकतंत्र तब तक स्थायी नहीं हो सकता, जब तक उसकी बुनियाद में सामाजिक लोकतंत्र न हो।”
आंबेडकर जी ने सामाजिक लोकतंत्र की व्याख्या करते हुए स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को उसके मूल सिद्धांत बताया था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि इन तीनों में से किसी एक को दूसरे से अलग करना लोकतंत्र के वास्तविक उद्देश्य को समाप्त करना है।
लेकिन आज राजनीति में समानता की बात करने वाले दलों के भीतर ही नेतृत्व और सत्ता का केंद्रीकरण एक गंभीर प्रश्न है। कांग्रेस इसका प्रमुख उदाहरण है। दशकों तक देश की सत्ता में रहने वाली कांग्रेस आज भी नेतृत्व के सवाल पर एक परिवार के इर्द-गिर्द सिमटी दिखाई देती है।
आंबेडकर ने 25 नवंबर 1949 को संविधान सभा में एक और महत्वपूर्ण बात कही थी:
राजनीति में प्रत्येक व्यक्ति के एक वोट और प्रत्येक वोट के समान मूल्य को मान्यता दी जाएगी।
यह कथन भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है। देश का प्रधानमंत्री हो या किसी दूरदराज के गांव में रहने वाला सामान्य नागरिक, दोनों के वोट का संवैधानिक मूल्य समान है। लेकिन जब राजनीतिक विमर्श को परिवारों, व्यक्तियों और सत्ता के कुछ चुनिंदा केंद्रों के इर्द-गिर्द खड़ा किया जाता है, तब जनता की राजनीतिक भागीदारी का वास्तविक अर्थ पीछे छूटने लगता है।
आज राहुल गांधी, प्रशांत भूषण और विपक्ष के कई अन्य प्रमुख चेहरे लोकतंत्र, संवैधानिक संस्थाओं और नागरिक अधिकारों के प्रश्नों पर लगातार अपनी बात रखते हैं। लोकतंत्र में सरकार की आलोचना करना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक नेता का अधिकार है। लेकिन इस अधिकार के साथ एक जिम्मेदारी भी जुड़ी है। चुनाव आयोग, न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के लिए प्रमाण, तर्क और संवैधानिक मर्यादा आवश्यक हैं। राजनीतिक असहमति को संस्थाओं के प्रति स्थायी अविश्वास और हर चुनावी परिणाम को संदेह के घेरे में खड़ा करने का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।
इसी प्रकार, अलगाववादी सोच, समाज को बांटने वाले विमर्श और पहचान आधारित राजनीतिक ध्रुवीकरण को लोकतांत्रिक अधिकारों की आड़ में उचित नहीं ठहराया जा सकता। असहमति लोकतंत्र की शक्ति है, लेकिन राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने वाला कोई भी विचार गंभीर विमर्श की मांग करता है।
भारत का संविधान किसी राजनीतिक परिवार की विरासत नहीं, वह 140 करोड़ भारतीयों का साझा राष्ट्रीय संकल्प है। इसकी रक्षा केवल संविधान की पुस्तक हाथ में लेकर भाषण देने से नहीं होगी। इसके लिए राजनीतिक दलों को अपने आचरण में लोकतंत्र अपनाना होगा, नेतृत्व में पारदर्शिता लानी होगी और जनता के जनादेश का सम्मान करना होगा।
संविधान दिवस हमें याद दिलाता है कि भारत में सत्ता का वास्तविक स्रोत कोई राजपरिवार, राजनीतिक वंश या विशेष विचारधारा नहीं, भारत की जनता है। लोकतंत्र में सरकारें बदल सकती हैं, राजनीतिक विचारधाराएं बदल सकती हैं, लेकिन संविधान के मूल मूल्य नहीं बदलने चाहिए।
क्योंकि जिस दिन राजनीति में जनता की जगह परिवार, जनादेश की जगह व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा और राष्ट्रहित की जगह सत्ता का स्वार्थ ले लेगा, उस दिन संविधान की आत्मा को सबसे बड़ा आघात पहुंचेगा।
संविधान की रक्षा का संकल्प केवल 26 नवंबर को नहीं, राजनीति के प्रत्येक दिन और प्रत्येक निर्णय में दिखाई देना चाहिए। यही संविधान निर्माताओं के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और भारत के लोकतंत्र के प्रति वास्तविक प्रतिबद्धता होगी।
लेख
केवली कबीर जैन
पत्रकारिता छात्र, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय