तिरुप्परंकुंद्रम में भगवान मुरुगन की परंपरा से जुड़ा दीप उत्तर भारत में अपना क्यों लगता है? उत्तर में कार्तिकेय की पूजा और हरियाणा के प्राचीन यौधेय सिक्कों पर उनकी छवि इस जुड़ाव को समझाती हैं।
कभी-कभी सभ्यताएँ अपने संबंधों को शब्दों से नहीं, स्मृतियों से पहचानती हैं। तमिलनाडु के तिरुप्परंकुंद्रम में जब भगवान मुरुगन की पवित्र परंपरा से जुड़ी दीपज्योति प्रज्ज्वलित करने का प्रश्न उठता है तो हजारो किलोमीटर दूर भारत के किसी भी हिस्से के लोगों के मन में भी एक विशेष भाव जाग उठता है।
सहज जिज्ञासा उठती है कि दक्षिण में जलने वाले एक दीप से उत्तर भारत के हृदय में इतनी हलचल क्यों होती है? इसका उत्तर हमारी साझा सभ्यतागत स्मृति में छिपा है।
जिन भगवान मुरुगन को तमिल समाज अपना आराध्य मानता है, वह उत्तर भारत में भगवान स्कंद, कार्तिकेय और देवसेनापति के रूप में पूजित हैं। यह केवल नामों का साम्य नहीं है बल्कि उस सनातन सांस्कृतिक निरंतरता का प्रमाण है जिसमें देवता भाषा और भूगोल की सीमाओं में कभी बँधे नहीं रहे। दक्षिण के मुरुगन और उत्तर के कार्तिकेय एक ही व्यापक धार्मिक परंपरा के आराध्य स्वरूप हैं। यहीं से इतिहास का एक अत्यंत रोचक अध्याय सामने आता है।
लगभग दो हजार वर्ष पहले वर्तमान हरियाणा और उसके आसपास के क्षेत्रों में यौधेय नाम का एक शक्तिशाली गणराज्य अस्तित्व में था। यौधेयों की पहचान वीर योद्धा गण के रूप में थी। उनके द्वारा जारी किए गए अनेक सिक्कों पर भगवान कार्तिकेय की आकृतियाँ अंकित मिलती हैं। इन सिक्कों पर ‘यौधेय गणस्य जय’ का उद्घोष भी मिलता है। यह उस समय की राजनीतिक चेतना, सामूहिक स्वाभिमान और सैन्य परंपरा का सशक्त प्रमाण है।
तमिलकम में भगवान मुरुगन की उपासना होती है। उत्तर भारत में उन्हीं की आराधना स्कंद और कार्तिकेय के रूप में होती है। हरियाणा में मिले यौधेय गणराज्य के प्राचीन सिक्कों पर भी उनकी छवि अंकित है। इन परंपराओं में उत्तर और दक्षिण की साझा आस्था की झलक मिलती है। यह किसी एक वंश की रक्तवंशीय निरंतरता का दावा नहीं है बल्कि उस विशाल सनातन सांस्कृतिक संसार की झलक है, जिसमें उत्तर और दक्षिण एक ही आध्यात्मिक चेतना के अलग-अलग अभिव्यक्ति केंद्र रहे हैं।
जिस देवता के हाथ में दक्षिण भारत का वेल है, वही उत्तर भारत के प्राचीन योद्धा गण का आराध्य भी रहा है। जिन्हें देवताओं का सेनापति कहा गया, वे भगवान कार्तिकेय भारतीय परंपरा में शौर्य, साहस और विजय के प्रतीक हैं।
हरियाणा की प्राचीन क्षात्र परंपरा से लेकर राजस्थान के दुर्गों और रणभूमियों तक, शौर्य, स्वाभिमान और धर्मरक्षा की चेतना ने भारतीय इतिहास को आकार दिया है। इन परंपराओं के अपने अलग ऐतिहासिक संदर्भ हैं लेकिन उनकी सांस्कृतिक जड़ें उस व्यापक भारतीय सभ्यता से जुड़ी हैं, जिसने विविध क्षेत्रों को एक सूत्र में बाँधकर रखा।
इसलिए जब दक्षिण में दीप प्रज्ज्वलन की बात आती है तो उत्तर भारत के मन में भी एक दीप जल उठता है। वह केवल तिरुप्परंकुंद्रम के दीप तक सीमित नहीं रह जाता बल्कि हमारी साझा सभ्यतागत स्मृति का प्रतीक भी बन जाता है। जिसमे तमिलकम की आस्था, यौधेयों का इतिहास, हरियाणा की क्षात्र चेतना और राजस्थान का शौर्य भी शामिल है।
हमारा राष्ट्र केवल राजनीतिक सीमाओं से निर्मित भूभाग नहीं है। यह तीर्थों, मंदिरों, देवताओं, आख्यानों, भाषाओं, परंपराओं और हजारों वर्षों की सांस्कृतिक स्मृतियों से निर्मित एक जीवंत सभ्यता है। इसीलिए काशी में उठने वाली आरती रामेश्वरम के भक्त को अपनी लगती है और रामेश्वरम की ज्योति काशी के हृदय को आलोकित करती है।
भारत की एकात्मता का सबसे सुंदर सत्य यही है कि दक्षिण में मुरुगन के नाम से प्रज्ज्वलित होने वाली ज्योति उत्तर में भगवान कार्तिकेय के नाम से भी उतनी ही अपनी लगती है।
दीप तिरुप्परंकुंद्रम में प्रज्ज्वलित है लेकिन उसका प्रकाश पूरे भारत की सभ्यतागत चेतना को स्पर्श करेगा। हम केवल एक राजनीतिक राष्ट्र के नागरिक नहीं, बल्कि एक सनातन सभ्यता के उत्तराधिकारी हैं।
एक देवता, अनेक नाम। अनेक भाषाएँ, एक संस्कृति। अनेक क्षेत्र, एक भारत।
यही सनातन है। यही भारत है।
लेख
हितानंद शर्मा