हर वर्ष मई का पहला दिन आते ही दुनिया भर में 'मजदूर दिवस' मनाया जाता है। इसका इतिहास 1886 में अमेरिका के शिकागो के 'हेमार्केट स्क्वायर' से जुड़ा है, जहां मजदूरों ने 14-16 घंटे के कार्यदिवस को घटाकर 8 घंटे करने, बेहतर कामकाजी परिस्थितियों और उचित वेतन की मांग को लेकर शांतिपूर्ण हड़ताल की थी। इस आंदोलन में महिलाओं और पुरुषों दोनों की बराबर भागीदारी रही। हालांकि, सत्ता और कारखाना मालिकों के गठजोड़ ने इस आंदोलन को कठोर बल प्रयोग के जरिए दबा दिया।
सुरक्षा बलों की फायरिंग में कई मजदूरों की जान गई और बाद में इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे चार नेताओं को फांसी दे दी गई। उस दिन मजदूरों के हाथों में जो झंडा था, वह मूल रूप से सफेद था, लेकिन हिंसा के बीच वह उनके खून से लाल हो गया। यही प्रतीक आगे चलकर दुनिया भर में मजदूर संघर्ष और श्रमिक अधिकारों का चिन्ह बना।
एक सदी से अधिक समय बीत जाने के बाद भी भारत में यह सवाल कायम है कि क्या मजदूरों का संघर्ष वास्तव में समाप्त हो गया है। हाल के वर्षों में दिल्ली एनसीआर, खासकर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में हुए आंदोलनों और उनमें दिखी अचानक हिंसा ने इस सवाल को और जटिल बना दिया है।
आज भारत के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों, विशेषकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मानेसर और दिल्ली एनसीआर के अन्य हिस्सों में बड़ी संख्या में मजदूर ठेका व्यवस्था और असंगठित श्रम ढांचे के तहत काम करते हैं। इनमें से अधिकांश मजदूर उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और झारखंड जैसे राज्यों के ग्रामीण इलाकों से बेहतर रोजगार की तलाश में महानगरों की ओर आते हैं। उनका उद्देश्य अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारना, बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाना और बुनियादी जरूरतों को सुरक्षित करना होता है।
हालांकि, महानगरों की वास्तविकता इन अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहती। कई क्षेत्रों में मजदूरों का वेतन अभी भी सीमित दायरे में है, जो बढ़ती महंगाई और जीवनयापन की लागत के मुकाबले अपर्याप्त साबित होता है। वैश्विक परिस्थितियों, आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान और शहरी खर्चों के दबाव के बीच कम आय में जीवन चलाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
परिवार से दूर लंबे समय तक काम करने के बावजूद जब बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं हो पातीं, तो स्वाभाविक रूप से असंतोष और हताशा पैदा होती है। यह स्थिति आर्थिक दबाव के साथ साथ एक व्यापक असंतुलन की ओर संकेत करती है, जो औद्योगिक क्षेत्रों में तनाव को बढ़ा सकता है।
सरकार ने श्रम क्षेत्र में सुधार के लिए कई नीतिगत कदम भी उठाए हैं। केंद्र सरकार ने 29 केंद्रीय श्रम कानूनों को समाहित कर चार नए लेबर कोड लागू करने की दिशा में पहल की है। इन सुधारों का उद्देश्य श्रम कानूनों को सरल बनाना और मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना बताया गया है।
इन प्रावधानों में न्यूनतम वेतन को लेकर स्पष्ट ढांचा, काम के घंटों से संबंधित नियम, ओवरटाइम के लिए अतिरिक्त भुगतान और स्वास्थ्य व भविष्य निधि जैसी सुविधाओं को शामिल किया गया है। इन उपायों का लक्ष्य औद्योगिक व्यवस्था में संतुलन और पारदर्शिता को बढ़ाना है।
श्रम अर्थशास्त्रियों के अनुसार, यदि इन प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन हो, तो कुशल और अर्धकुशल मजदूरों की आय में उल्लेखनीय सुधार संभव है। ओवरटाइम के उचित भुगतान और निर्धारित मानकों के पालन से मजदूरों की आर्थिक स्थिति बेहतर हो सकती है।
हालांकि, जमीनी स्तर पर इन प्रावधानों का प्रभाव सभी क्षेत्रों में समान रूप से दिखाई नहीं देता। कई जगहों पर मजदूरों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाते, जिससे असंतोष की स्थिति बनी रहती है।
यही वह बिंदु है, जहां यह असंतोष केवल आर्थिक मुद्दा नहीं रह जाता, बल्कि व्यापक सामाजिक और सुरक्षा संबंधी आयाम भी ले सकता है। जब असंतोष बढ़ता है और समाधान की प्रक्रिया कमजोर दिखती है, तब ऐसे वातावरण में बाहरी और वैचारिक तत्व सक्रिय होने लगते हैं, जो इस स्थिति का लाभ उठाने की कोशिश करते हैं।
नोएडा में मजदूरों का हालिया आंदोलन वेतन वृद्धि और श्रम प्रावधानों के क्रियान्वयन से जुड़ी मांगों के साथ शुरू हुआ था। एक लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाना हर नागरिक का अधिकार है।
हालांकि, इन मांगों के बीच अचानक बड़े पैमाने पर तोड़फोड़, आगजनी और हिंसा का उभरना कई सवाल खड़े करता है। यह बदलाव केवल स्वाभाविक प्रतिक्रिया नहीं लगता, बल्कि इसके पीछे किसी संगठित दिशा की संभावना को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
इसी संदर्भ में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी द्वारा वर्ष 2004 में जारी दस्तावेज 'अर्बन पर्सपेक्टिव: आवर वर्क इन अर्बन एरियाज' अक्सर चर्चा में आता है, जिसमें शहरी क्षेत्रों में प्रभाव बढ़ाने की रणनीति का उल्लेख किया गया है।
इस दस्तावेज के अनुसार, माओवादी रणनीति अब केवल बस्तर या दंतेवाड़ा जैसे जंगलों तक सीमित नहीं रही है, बल्कि शहरी औद्योगिक क्षेत्रों में विस्तार पर भी केंद्रित है। इसके तहत औद्योगिक मजदूरों, असंतुष्ट छात्रों और व्यवस्था से निराश समूहों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने पर जोर दिया जाता है, ताकि व्यापक स्तर पर प्रभाव स्थापित किया जा सके।
दिल्ली एनसीआर, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे औद्योगिक क्षेत्र इस दृष्टि से संवेदनशील माने जाते हैं, जहां बड़ी संख्या में प्रवासी और असंगठित श्रमिक कार्यरत हैं। इन्हें आम बोलचाल में 'अर्बन नक्सल' गतिविधियों के लिए अनुकूल क्षेत्र के रूप में भी देखा जाता है।
सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट्स में यह संकेत मिलता है कि भाकपा माओवादी के विभिन्न शहरी नेटवर्क, जिनमें तथाकथित 'नॉर्दर्न रीजनल ब्यूरो' या 'उत्तर भारत तालमेल कमेटी' जैसे ढांचे शामिल बताए जाते हैं, इन क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने की कोशिश करते रहे हैं।
ये गतिविधियां प्रायः सीधे माओवादी नाम या प्रतीकों के साथ सामने नहीं आतीं, बल्कि विकेंद्रीकृत ढांचे के माध्यम से संचालित होती हैं। कई मामलों में श्रमिक अधिकार, छात्र हित या मानवाधिकार के नाम पर सक्रिय छोटे संगठनों और समूहों के जरिए काम करने की बात सामने आती रही है, जो औद्योगिक क्षेत्रों और शहरी बस्तियों में लंबे समय से मौजूद हैं।
आलोचकों का मानना है कि ऐसे नेटवर्क मजदूरों के असंतोष और हताशा को वैचारिक दिशा देने की कोशिश करते हैं। इस प्रक्रिया में संस्थाओं के प्रति अविश्वास को बढ़ाने और विरोध को अधिक उग्र रूप देने की प्रवृत्ति देखी जाती है। धीरे-धीरे यह असंतोष टकराव की ओर मुड़ सकता है, जिससे स्थिति जटिल हो जाती है।
नोएडा जैसी घटनाओं को भी कुछ विश्लेषक इसी परिप्रेक्ष्य में देखते हैं, जहां वैध मांगों के बीच अचानक उभरी हिंसा को एक व्यापक रणनीतिक पैटर्न से जोड़कर समझने की कोशिश की जा रही है। इस दृष्टिकोण के अनुसार, ऐसे हालात में सबसे अधिक नुकसान स्वयं मजदूर वर्ग को उठाना पड़ता है, क्योंकि उनका मुद्दा पीछे छूट जाता है और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो जाती है।

आज के भारत में मजदूरों के अधिकार एक संवैधानिक ढांचे के भीतर संरक्षित हैं, जहां कार्य के घंटे, ओवरटाइम और अन्य श्रम मानकों को लेकर स्पष्ट प्रावधान मौजूद हैं। यह व्यवस्था इस उद्देश्य से बनाई गई है कि श्रमिकों के हितों की रक्षा लोकतांत्रिक तरीकों से सुनिश्चित की जा सके।
ऐसे में मजदूर वर्ग के लिए यह आवश्यक है कि वह अपने अधिकारों को लेकर जागरूक रहे और अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तथा संगठित तरीके से रखे। किसी भी प्रकार की उकसावे वाली स्थिति या हिंसक दिशा आंदोलन की वैधता को कमजोर कर सकती है और इससे सबसे अधिक नुकसान स्वयं मजदूरों को ही होता है।
इसलिए यह जरूरी है कि श्रमिक आंदोलनों का स्वर संयमित, लोकतांत्रिक और स्पष्ट रूप से अपने मूल मुद्दों पर केंद्रित रहे, ताकि उनका उद्देश्य प्रभावी ढंग से सामने आ सके।
वहीं दूसरी ओर, उद्योगों, कॉर्पोरेट प्रबंधन और सरकार सभी के लिए यह आवश्यक है कि वे औद्योगिक वातावरण में संतुलन और विश्वास बनाए रखने की दिशा में निरंतर प्रयास करें। श्रम से जुड़े प्रावधानों और नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन इस संतुलन का महत्वपूर्ण आधार है।
यदि मजदूरों को उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप सुविधाएं और पारदर्शी कार्य परिस्थितियां नहीं मिलतीं, तो असंतोष की स्थिति पैदा हो सकती है। यही असंतोष आगे चलकर बाहरी और वैचारिक हस्तक्षेप के लिए अवसर भी प्रदान कर सकता है।
इसलिए यह जरूरी है कि औद्योगिक तंत्र में संवाद, पारदर्शिता और जिम्मेदारी का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ऐसी परिस्थितियों को प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सके।
यदि देश में औद्योगिक अशांति और अस्थिरता की स्थिति बनती है, तो उसके पीछे कई कारक एक साथ काम करते हैं। जहां एक ओर भड़काने वाले तत्व माहौल को प्रभावित कर सकते हैं, वहीं दूसरी ओर यदि औद्योगिक ढांचे में संतुलन और विश्वास की कमी हो, तो यह स्थिति और जटिल हो जाती है।
मई दिवस का महत्व केवल प्रतीकात्मक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उस व्यवस्था की याद दिलाता है, जहां श्रम का सम्मान और न्यायपूर्ण प्रतिफल सुनिश्चित हो। जब मजदूरों को उनके अधिकारों का भरोसा मिलता है और व्यवस्था पारदर्शी रूप से काम करती है, तब ही स्थिरता और संतुलन कायम रह सकता है।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में आर्थिक संतुलन और न्याय, दीर्घकालिक सामाजिक स्थिरता की आधारशिला होते हैं।
लेख
संजय सिंह ठाकुर
नक्सल विषय के अध्येता, नागपुर