10 साल से चल रहा था कन्वर्जन का खेल, कॉलेज स्टूडेंट्स को बनाते थे निशाना, ओडिशा से जुड़ा कनेक्शन

11 Sep 2025 17:46:17
Representative Image
 
सिंगरौली जिले में पुलिस ने कन्वर्जन के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। नवानगर थाना पुलिस ने ओडिशा से आए दो लोगों समेत पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। मौके से धार्मिक किताबें और नकदी भी बरामद हुई है।
 
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 10 साल पहले ओडिशा से दो लोग यहां पहुंचे थे। उन्होंने एनसीएल की खाली जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया और वहीं से कन्वर्जन का गोरखधंधा शुरू किया। चालाकी से स्थानीय लोगों का भरोसा जीतकर धीरे-धीरे इलाके में अपने कदम जमा लिए।
 
आरोपियों की रणनीति बेहद खतरनाक थी। पहले कुछ स्थानीय लोगों को झांसे में लिया और उनसे इलाके की जानकारी जुटाई। फिर कॉलेज के छात्र-छात्राओं और युवाओं को निशाना बनाया। पुलिस का कहना है कि इन्हें पैसे और लालच देकर धर्म बदलने पर मजबूर किया जाता था। शुरुआती जांच में दावा है कि अब तक करीब 50 लोगों का कन्वर्जन कराया जा चुका है।
 
Representative Image
 
नवानगर थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार देर रात सूचना मिली थी कि एक बस्ती में लोगों को बरगलाकर कन्वर्जन कराया जा रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत छापा मारा। मौके पर करीब 100 लोग जमा थे। छापेमारी में 5 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनसे पूछताछ जारी है और अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
 
पुलिस का मानना है कि यह रैकेट लंबे समय से युवाओं को निशाना बनाकर उनकी सोच बदलने की कोशिश कर रहा था। लालच और झूठे वादों के जरिए भोले-भाले लोगों को फंसाना इनकी पुरानी चाल है। फिलहाल पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की बात कह रही है।
 
लेख
शोमेन चंद्र
Powered By Sangraha 9.0