उलगुलान के महायोद्धा : वामपंथी इतिहासकारों ने जिन्हें कभी मुख्यधारा का नायक नहीं माना

भगवान बिरसा मुंडा जी ने जनजातियों की भूमि, परंपराओं और स्वराज के लिए समाज को एकजुट किया और इस संघर्ष में अपना जीवन बलिदान कर दिया।

The Narrative World    15-Nov-2026
Total Views |
FEATURED IMAGE- The great warriors of the Ulgulan (1)
 
कुछ विरले ही होते हैं जो अपने समय की सीमाओं को तोड़कर इतिहास को नया मोड़ देते हैं। भगवान बिरसा मुंडा उन्हीं महान आत्माओं में से एक थे। जो एक युगप्रवर्तक व्यक्तित्व थे, तेजस्वी, ओजस्वी और दिव्य। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के उन महायोद्धाओं में उनका नाम सबसे ऊपर है जिन्हें धरती आबा, ईश्वर का अवतार और हिंदुत्व के प्रबल ध्वजवाहक के रूप में पूजा जाता है।
 
स्वराज की बात करते ही छत्रपति शिवाजी महाराज और भगवान बिरसा मुंडा जी का नाम एक साथ लिया जाना चाहिए। दोनों ने अलग-अलग कालखंड और क्षेत्रों में काम किया, लेकिन उनकी मूल भावना एक थी स्वराज, स्थानीय संस्कृति की रक्षा और विदेशी शोषण के खिलाफ अदम्य संघर्ष। शिवाजी महाराज ने हिंदवी स्वराज की नींव रखी तो बिरसा मुंडा ने “अबुआ दिशुम, अबुआ राज” का नारा देकर ब्रिटिश राज को चुनौती दी। दोनों ने गुरिल्ला युद्ध की नीति अपनाई। शिवाजी महाराज ने सह्याद्री की पहाड़ियों में मावलों को संगठित किया, बिरसा मुंडा जी ने छोटानागपुर के घने जंगलों में मुंडा, उरांव और खड़िया समुदायों को एकजुट कर उलगुलान का बिगुल फूंका।

1 image (23)
 
दोनों ने धर्मांतरण के षड्यंत्रों का डटकर मुकाबला किया। शिवाजी महाराज ने मंदिरों और संस्कृति की रक्षा की, बिरसा मुंडा जी ने ईसाई मिशनरियों के मतांतरण अभियान का विरोध किया और बिरसाइत पंथ के माध्यम से प्रकृति पूजा तथा वनवासी परंपराओं को फिर से जीवित किया। दोनों किसानों और स्थानीय लोगों के हितैषी थे।
 
शिवाजी ने जमींदारी की मनमानी रोकी तो बिरसा जी ने दिकुओं और अंग्रेजों द्वारा वनवासियों की भूमि हड़पने के खिलाफ संघर्ष किया। दोनों ने बहुत कम उम्र में नेतृत्व संभाला और अमर हो गए।
 
“अबुआ दिशुम, अबुआ राज” का यह नारा बाद में लोकमान्य तिलक के स्वराज्य, भगत सिंह-चंद्रशेखर आजाद के पूर्ण स्वतंत्रता संकल्प, नेताजी के आह्वान सुनाई देता है। हरिराम मीणा की ये पंक्तियां बिरसा के व्यक्तित्व को सटीक पकड़ती हैं –
 
“मैं केवल देह नहीं…
मैं जंगल का पुश्तैनी दावेदार हूँ…
उलगुलान! उलगुलान! उलगुलान!”
 
15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातु गांव में माता करमी हातु और पिता सुगना मुंडा के घर बिरसा मुंडा जी का जन्म हुआ। कुशाग्र बुद्धि के कारण अंग्रेजों ने उन्हें जर्मन स्कूल में भर्ती कराया और बिरसा डेविस नाम दे दिया। लेकिन उन्होंने जल्दी ही मिशनरियों के षड्यंत्र को पहचान लिया। “साहेब-साहेब एक टोपी है” कहते हुए उन्होंने स्कूल छोड़ दिया और मतांतरित मुंडाओं को फिर से सनातन धर्म में दीक्षित किया। रामायण-महाभारत का गहन अध्ययन कर उन्होंने बिरसाइत आंदोलन शुरू किया। शराब न पीना, चोरी न करना, गौहत्या न करना, यज्ञोपवीत धारण करना, तुलसी लगाना और सूर्य की उपासना ये उनके उपदेश थे। यही सनातन की मूल भावना है।

2 image (30)
 
1894 में छोटानागपुर में महामारी फैली तो बिरसा मुंडा जी ने अंधविश्वासों से ऊपर उठकर लोगों का इलाज किया। उनका स्पर्श ही कई लोगों को स्वस्थ कर देता था। धीरे-धीरे वे भगवान के अवतार के रूप में प्रतिष्ठित हो गए।
 
उलगुलान के मूल कारण स्पष्ट थे। ब्रिटिश सरकार ने मुंडारी खुंटकट्टी जैसी सामुदायिक भूमि व्यवस्था खत्म कर दी। वनवासी भूस्वामी से भूमिहीन मजदूर बन गए। वेठ बेगारी और बंधुआ मजदूरी थोप दी गई। दिकुओं ने शोषण बढ़ाया। वन अधिनियम ने उन्हें जंगलों से बेदखल कर दिया। मिशनरियों ने उनकी संस्कृति और धर्म पर प्रहार किया।
 
1897 में खूंटी थाने पर 400 मुंडाओं के साथ हमला कर अंग्रेजों को खदेड़ दिया। 1898 में तांगा नदी के युद्ध में फिर से उनकी दुर्दशा की। लोकगीत गूंजने लगे “कटोंग बाबा कटोंग, साहेब कटोंग…”। अंग्रेजों में दहशत फैल गई।

3 image (27)
 
1900 में दुम्बरी पहाड़ी पर अंग्रेजों ने गद्दारों की मदद से उन्हें घेर लिया। तीन घंटे की घमासान लड़ाई हुई। तोप और बंदूकों के आगे पारंपरिक हथियार टिक नहीं पाए। करीब दो हजार वीरों ने बलिदान दिया, लेकिन बिरसा बच निकले। 500 रुपये के इनाम के लालच में मुखबिरी हुई और 3 फरवरी 1900 को उन्हें पकड़ लिया गया। जेल जाते समय उन्होंने कहा –
 
“मैं तुम्हें अपने शब्द दे रहा हूँ, उन्हें फेंकना मत।
मेरा कहा कभी नहीं मरेगा।
उलगुलान जारी है।”
 
रांची जेल में अंग्रेजों ने खुली फांसी की बजाय धीमा जहर दिया ताकि विद्रोह और न भड़के। 9 जून 1900 को खून की उल्टियां करते हुए उन्होंने तीन बार “उलगुलान!” पुकारा और प्राण त्याग दिए। मात्र 25 वर्ष का जीवन, लेकिन चार वर्षों का महासंग्राम और उनका संदेश अमर हो गया।

4 image (30)
 
आजादी के बाद वामपंथी और दल-विशेष के इतिहासकारों ने बिरसा मुंडा के स्वतंत्रता संग्राम को स्थानीय विद्रोह तक सीमित कर दिया। जनजातीय समाज को हिंदू धर्म से अलग बताकर वैमनस्य फैलाने का कुत्सित प्रयास किया और आज भी कर रहे हैं। ये वही लोग हैं जो राष्ट्रनायकों को छोटा दिखाने और समाज में फूट डालने का काम करते आए हैं।
सौभाग्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 146वीं जयंती से बिरसा मुंडा जी की जयंती को राष्ट्रीय ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाने लगा।
 
 
विडंबना यह है कि जिन उद्देश्यों के लिए बिरसा मुंडा जी ने अंग्रेजों और मिशनरियों से संघर्ष किया, उन्हें आज भी पूरी तरह नहीं समझा गया। अगर समझ लिया गया होता तो मतांतरण का सिलसिला नहीं चलता। आज भी ईसाई मिशनरियों, लव जिहाद की आड़ में होने वाले धर्म परिवर्तन और वामपंथी-सेक्यूलर षड्यंत्रों के खिलाफ बिरसा मुंडा जी के विचारों को आत्मसात करने की जरूरत है।
 
लेख
 
KEWALI KABIR JAIN

केवली कबीर जैन
पत्रकारिता छात्र, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय