नोटबंदी से माओवादी संगठन को लगा था करोड़ों का झटका, पूर्व पोलित ब्यूरो सदस्य भूपति का खुलासा

दशकों तक माओवादी आतंकी संगठन के शीर्ष नेतृत्व में रहा मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ सोनू भूपति ने स्वीकार किया कि 2016 की नोटबंदी के बाद संगठन की बड़ी धनराशि बेकार हो गई थी। पुराने नोट बदलवाने के लिए दिए गए करोड़ों रुपये भी वापस नहीं आए।

The Narrative World    18-Nov-2026   
Total Views |

Representative Image

भारत में 8 नवंबर 2016 को हुई नोटबंदी का प्रभाव केवल औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से बाहर रखी गई नकदी और काले धन तक सीमित नहीं था। इसका असर उन अवैध नेटवर्कों पर भी पड़ा, जो अपनी गतिविधियों के संचालन के लिए नकदी पर निर्भर थे। इसी में एक बड़ा नाम था माओवादी आतंकी संगठन का। प्रतिबंधित आतंकी संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के पूर्व पोलित ब्यूरो सदस्य मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ सोनू उर्फ़ भूपति ने इसकी सच्चाई बताई है।


पूर्व माओवादी लीडर भूपति के अनुसार, नोटबंदी के कारण माओवादी संगठन को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा था। संगठन के पास मौजूद बड़ी मात्रा में पुराने नोट अचानक चलन से बाहर हो गए थे। उन्हें बदलवाने के लिए जिन लोगों को करोड़ों रुपये सौंपे गए, उनमें से कुछ रकम लेकर गायब हो गए। परिणामस्वरूप माओवादी-नक्सली संगठन को दोहरा आर्थिक झटका लगा था।


भूपति ने बताया कि उस समय नक्सलियों की आर्थिक स्थिति इतनी प्रभावित हुई कि उसे अपनी सामान्य आवश्यकताओं के लिए भी ग्रामीणों पर निर्भर होना पड़ा। जंगलों में रहने वाले कैडरों के लिए कपड़े, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और राशन जुटाना कठिन हो गया था।


Representative Image

एनडीटीवी को दिए गए एक विशेष साक्षात्कार में पूर्व नक्सली लीडर भूपति ने नोटबंदी के प्रभाव के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि नक्सल संगठन को लगभग 25 से 30 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।


भूपति के अनुसार, माओवादी संगठन ने पुराने नोट बदलवाने और सुरक्षित रखने के लिए कई लोगों को बड़ी रकम सौंपी थी। लेकिन जिन लोगों को यह जिम्मेदारी दी गई थी, उनमें से कुछ पैसे लेकर वापस नहीं लौटे।


भूपति ने कहा कि जंगल में जीवन चलाने के लिए भी पैसे की आवश्यकता होती है। यहां तक कि कपड़ों और सामान्य उपयोग की वस्तुओं की खरीद के लिए भी नकदी चाहिए। पुराने नोटों के अमान्य होने के बाद माओवादी संगठन के सामने यह व्यावहारिक संकट खड़ा हो गया था कि उपलब्ध धनराशि का उपयोग कैसे किया जाए।


15 अक्टूबर 2025 को 60 कैडरों के साथ किया था आत्मसमर्पण


15 अक्टूबर 2025 को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में भूपति ने अपने 60 अन्य माओवादी साथियों के साथ आत्मसमर्पण किया था। इस दौरान उसके समूह ने 54 हथियार भी सौंपे थे। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, आत्मसमर्पण की प्रक्रिया अचानक हुई घटना नहीं थी। इसके पीछे लगभग एक महीने तक चली बातचीत और संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई किसी मुठभेड़ के बजाय बातचीत के माध्यम से संपन्न हुई थी।


नोटबंदी और सुरक्षा अभियानों का अलग-अलग प्रभाव


नोटबंदी ने नवंबर 2016 में पुराने 500 और 1,000 रुपये के नोटों को अमान्य कर दिया था। भूपति के अनुसार, इससे संगठन की नकदी का एक बड़ा हिस्सा अनुपयोगी हो गया और पुराने नोट बदलवाने के प्रयासों में भी उसे नुकसान हुआ। दूसरी ओर, सुरक्षा बलों की कार्रवाई, नए सुरक्षा शिविरों की स्थापना, प्रशासनिक पहुंच और स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं के विस्तार ने माओवादी आतंकी संगठन के सामने अलग-अलग प्रकार की चुनौतियां पैदा कीं।


भूपति ने स्वयं फरवरी 2026 के साक्षात्कार में सुरक्षा बलों की बढ़ती उपस्थिति और बदलती प्रशासनिक परिस्थितियों को संगठन की गतिविधियों के सीमित होने के कारणों में शामिल किया था।