यह मान लेना कि हर आंदोलन स्वतः जनता की आवाज है, कई बार वास्तविकता का अधूरा आकलन हो सकता है। मंचों पर दिखाई देने वाली आवाजें हमेशा केवल स्वतःस्फूर्त जनभावना का परिणाम नहीं होतीं। कुछ मामलों में वे किसी व्यापक रणनीति के हिस्से के रूप में भी सामने आती हैं।
माओवादी दस्तावेजों में वर्णित शहरी रणनीति इसी संभावना की ओर संकेत करती है। इस श्रृंखला के तीसरे भाग में हम उस अवधारणा को समझने की कोशिश कर रहे हैं जिसे माओवादी अपने दस्तावेजों में “Cover Organisations” कहते हैं।
माओवाद को अक्सर जंगलों में चलने वाले सशस्त्र संघर्ष के संदर्भ में देखा जाता है। लेकिन उनके दस्तावेज यह भी बताते हैं कि शहर इस रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली घटनाओं के समानांतर शहरों में उनके बारे में विमर्श तैयार होता है। कई बार यह विमर्श रिपोर्ट्स, सेमिनारों और सार्वजनिक अभियानों के रूप में सामने आता है। इस प्रक्रिया को समझने के लिए Urban Perspective नामक माओवादियों के ही लीक दस्तावेज को अक्सर संदर्भित किया जाता है, जिसे माओवादी शहरी रणनीति की रूपरेखा के रूप में देखा जाता है।
Urban Perspective में एक महत्वपूर्ण पंक्ति दर्ज है कि “Party organization should be secret… mass organization should be open.” इसका अर्थ यह है कि पार्टी की वास्तविक संरचना गुप्त रहे, जबकि जनता से जुड़े संगठन खुले और वैध रूप में सामने आएं। इस विचार का तात्पर्य यह है कि सार्वजनिक मंचों पर दिखाई देने वाले संगठन सीधे पार्टी संरचना का हिस्सा नहीं होते, लेकिन उनके माध्यम से विचारधारात्मक प्रभाव बनाया जा सकता है।
यहीं से “Cover Organisation” की अवधारणा सामने आती है। इसका आशय ऐसे मंच या संगठन से है जो बाहर से स्वतंत्र और वैध दिखाई दे, लेकिन जिसके भीतर कुछ लोग किसी अन्य वैचारिक दिशा में काम कर रहे हों। ऐसे मंच छात्र संगठनों, मानवाधिकार समूहों, सांस्कृतिक मंचों या सामाजिक आंदोलनों के रूप में सामने आ सकते हैं। उनकी सार्वजनिक पहचान अलग होती है, जबकि उनके भीतर सक्रिय कुछ लोग किसी व्यापक रणनीति के अनुरूप काम कर सकते हैं।
Urban Perspective इसी संदर्भ में एक और पंक्ति दर्ज करता है कि
“Fractional work is carried on within mass organisations.” इसका मतलब यह बताया गया है कि जनसंगठनों के भीतर रहकर विचारधारात्मक काम किया जा सकता है। संगठन का बाहरी ढांचा यथावत रहता है, लेकिन उसके भीतर कुछ लोग उस दिशा में काम करते हैं जो पार्टी की रणनीति से मेल खाती है।
इस अवधारणा को समझने के लिए एक सरल स्थिति पर विचार किया जा सकता है। किसी मंच पर भाषण, पोस्टर और नारे दिखाई देते हैं। वहां न्याय, अधिकार या लोकतंत्र जैसे मुद्दों पर चर्चा होती है। पहली नजर में यह सामान्य लोकतांत्रिक गतिविधि प्रतीत होती है। लेकिन यदि उस मंच की दिशा किसी ऐसे समूह से प्रभावित हो रही हो जो सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं देता, तो स्थिति भिन्न हो सकती है। इसी अंतर को माओवादी दस्तावेज “Cover Organisation” के रूप में वर्णित करते हैं।
ऐसे संगठनों की भूमिका कई स्तरों पर है। पहला स्तर नैरेटिव निर्माण का है। किसी घटना के बाद उसकी व्याख्या किस तरह की जाए, यह सार्वजनिक विमर्श को प्रभावित करता है। जब किसी घटना के बाद लगातार रिपोर्ट, बयान और सेमिनार एक ही दृष्टिकोण को सामने लाते हैं, तो वह व्यापक जनमत को प्रभावित कर सकते हैं।
दूसरा पहलू कानूनी और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा है। जब कोई व्यक्ति सीधे किसी प्रतिबंधित संगठन से नहीं जुड़ा होता, बल्कि किसी नागरिक मंच या सामाजिक संगठन के माध्यम से सक्रिय होता है, तो उसकी पहचान अलग रूप में सामने आती है। वह स्वयं को मानवाधिकार कार्यकर्ता, शोधकर्ता या नागरिक समाज के प्रतिनिधि के रूप में प्रस्तुत कर सकता है। इससे उसकी गतिविधियों को सार्वजनिक वैधता मिलती है।
तीसरा पहलू वैचारिक विस्तार का है। किसी भी सामाजिक या सार्वजनिक मंच पर नए लोग जुड़ते हैं। कुछ लोग केवल किसी मुद्दे के कारण आते हैं, लेकिन समय के साथ वे उस विचारधारा से प्रभावित हो सकते हैं जो मंच की दिशा तय कर रही होती है। सेमिनार, चर्चा और साहित्य के माध्यम से धीरे धीरे एक वैचारिक वातावरण तैयार किया जा सकता है।
यही वह बिंदु है जहां सशस्त्र ग्रामीण घटनाओं और शहरी विमर्श के बीच संबंध समझ में आता है। यदि किसी हिंसक घटना के बाद शहरों में उसके समर्थन या विरोध में लगातार बयान, रिपोर्ट और अभियान सामने आते हैं, तो वह घटना स्थानीय सीमाओं से निकलकर राष्ट्रीय बहस का हिस्सा बन सकती है। माओवादी दस्तावेज इस प्रक्रिया को रणनीतिक महत्व देते हैं।
“Cover Organisations” की अवधारणा इस प्रश्न को सामने लाती है कि किसी मंच की वास्तविक दिशा क्या है। क्या वह पूरी तरह स्वतंत्र नागरिक पहल है या उसके भीतर कोई वैचारिक परियोजना सक्रिय है। इसका उत्तर हमेशा स्पष्ट नहीं होता, लेकिन उपलब्ध दस्तावेज यह संकेत देते हैं कि इस संभावना की जांच जरूरी है।
माओवाद को समझने के लिए केवल जंगलों में चल रहे संघर्ष को देखना पर्याप्त नहीं है। शहरों में चल रहे वैचारिक विमर्श को भी उतना ही महत्व देना होगा। हिंसा और विचार, दोनों इस रणनीति के अलग आयाम हो सकते हैं। जब तक दोनों को साथ में नहीं देखा जाएगा, तब तक पूरी तस्वीर स्पष्ट नहीं होगी।