जान प्यारी लगी, विचारधारा छोड़ दी... बस्तर में नक्सलियों का सबसे बड़ा सरेंडर

एक दिन में पांच जिलों में 66 नक्सलियों ने सरेंडर किया, कई खूंखार इनामी भी शामिल, अब विचारधारा नहीं, जान बचाना बन गया मकसद!

The Narrative World    25-Jul-2025
Total Views |
Representative Image
 
छत्तीसगढ़ के बस्तर में एक ऐसा बदलाव देखने को मिला है जिसने नक्सलियों की खोखली विचारधारा की पोल खोलकर रख दी है।
 
एक दिन में 5 जिलों में 66 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया। इनमें से 49 पर कुल 2 करोड़ 27 लाख रुपए का इनाम था।
 
यह सिर्फ सरेंडर नहीं, यह माओवाद की हार है। यह दिखाता है कि अब नक्सली खुद समझ चुके हैं कि अगर हथियार नहीं डालेंगे तो खत्म कर दिए जाएंगे।
 
Representative Image
 
इनमें से कुछ ऐसे नाम हैं जो कभी जंगलों में खौफ का दूसरा नाम माने जाते थे। बीजापुर जिले में ही 25 नक्सलियों ने सरेंडर किया। इनमें से 23 पर 1 करोड़ 15 लाख रुपए का इनाम था।
 
इनमें सबसे बड़ा नाम है रामन्ना इरपा, जो ओडिशा स्टेट कमेटी और स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य था। उस पर 25 लाख रुपए का इनाम था। उसकी पत्नी रमे कालमु पर 8 लाख का इनाम था।
 
सुक्कू कालमु, बबलू मड़वी, कोसी मड़काम और रीना वंजाम जैसे कुख्यात नाम भी शामिल हैं, जिन पर 8-8 लाख रुपए का इनाम था।
 
Representative Image
 
दंतेवाड़ा जिले में 15 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें 5 पर कुल 17 लाख का इनाम था।
 
बुधराम उर्फ लालू कुहराम, जो डिविजनल कमेटी मेंबर है, और उसकी पत्नी कमली उर्फ मोती पोटावी भी शामिल हैं। उन पर क्रमश: 8 लाख और 5 लाख रुपए का इनाम था।
 
इसी के साथ दंतेवाड़ा में जून 2020 से शुरू हुए ‘लोन वर्राटू’ अभियान के तहत अब तक 1020 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। इनमें से 254 पर इनाम था।
 
कांकेर में 13 नक्सलियों ने हथियार डाले, जिन पर कुल 62 लाख रुपए का इनाम था।
 
नारायणपुर में 8 नक्सलियों ने सरेंडर किया, जिन पर कुल 33 लाख का इनाम था।
 
Representative Image
 
 
इनमें वट्टी गंगा उर्फ मुकेश शामिल है, जो नॉर्थ ब्यूरो टेक्निकल टीम का प्रमुख था और जिस पर 8 लाख का इनाम था।
 
सुकमा में 5 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। कुल मिलाकर 66 नक्सलियों में से 27 महिलाएं थीं।
 
सभी सरेंडर करने वालों को सरकार की नई पुनर्वास नीति के तहत 50-50 हजार रुपए की तत्काल सहायता दी गई और उन्हें आगे की सुविधा भी दी जाएगी।
 
ये सरेंडर सिर्फ संख्या नहीं हैं, ये नक्सलियों की मानसिक हार के सबूत हैं।
 
उन्हें अब समझ में आ चुका है कि बंदूक उठाने से समाज नहीं बदलता। अब उन्हें अपनी जान प्यारी लग रही है, विचारधारा नहीं।
 
 
Representative Image
 
बस्तर में पुलिस का नया अभियान 'पुनर्वास से पुनर्जीवन' अब रंग ला रहा है।
बस्तर IG सुंदरराज पी ने कहा कि यह नक्सली संगठन पर बड़ी चोट है। उन्होंने बाकी नक्सलियों से भी अपील की कि वे हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौट आएं।
 
साफ है, अब जंगलों में नक्सलवाद का डर नहीं, विकास की हवा चल रही है। जो नक्सली कभी खुद को अजेय समझते थे, आज वे पुलिस के सामने हाथ जोड़कर खड़े हैं।
 
वजह साफ है, उन्हें अब पता चल चुका है कि नक्सलवाद सिर्फ धोखा है, बर्बादी है और कुछ नहीं।
 
लेख
शोमेन चंद्र
तिल्दा, छत्तीसगढ़